मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उद्योग हितैषी नीतियों के साथ आगे बढ़ रहा हरियाणा : डॉ. अमित अग्रवाल

न्यूज़म ब्यूरो  

चंडीगढ़, 14 फरवरी : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने मजबूत आर्थिक आधार और उद्योग हितैषी नीतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा देश के प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन को धरातल पर उतारने के लिए तैयार है। हरियाणा निरंतर अपने निवेशकों के लिए बेहतर नीतियां बना रहा है और उन्हें लागू भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के मद्देनजर हरियाणा बेहतरीन कनेक्टिविटी और बाजार तक आसान पहुंच प्रदान करता है। 

डॉ. अग्रवाल शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्योग जगत के लीडर्स और हितधारकों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा एक स्पष्ट रोडमैप के साथ आगे बढ़ रहा है, ताकि निवेश और उद्यम के लिए देश के सबसे आकर्षक गंतव्यों में अपनी स्थिति को और मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उद्योग हितैषी नीतियां बनाई जा रही है और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। 

उन्होंने कहा कि बेहतर सकल घरेलू उत्पाद के साथ हरियाणा की विकास दर लगातार राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है। देश के कुल भौगोलिक क्षेत्र का केवल 1.3 प्रतिशत और आबादी का 2.1 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद, राज्य देश के कुल जीएसटी संग्रह में लगभग 7.1 प्रतिशत का योगदान देता है। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा की मजबूत आर्थिक नींव और उच्च मूल्य संवर्धन क्षमता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में प्रति व्यक्ति आय की वास्तविक वृद्धि भी लगातार राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 70 प्रतिशत से अधिक है।

Advertisement

डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि हरियाणा की भौगोलिक स्थिति उसकी सबसे बड़ी संरचनात्मक ताकतों में से एक है। देश की राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नजदीक स्थित होने के कारण हरियाणा बेहतरीन कनेक्टिविटी और बाजार तक आसान पहुंच प्रदान करता है। राज्य के सभी जिले राष्ट्रीय राजमार्गों या चार-लेन एक्सप्रेसवे से जुड़े हैं और कोई भी जिला गुरुग्राम या दिल्ली से तीन से चार घंटे से अधिक दूर नहीं है।

इसके अलावा, पूरा राज्य तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों—नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के 300 किलोमीटर के दायरे में आता है, जिससे वैश्विक बाजारों तक तेज पहुंच सुनिश्चित होती है। हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किए हैं, जिनमें एनसीआर क्षेत्र में ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक वाहन क्लस्टर, अंबाला में मेडिकल डिवाइस, पानीपत में वस्त्र, बहादुरगढ़ में चमड़ा और फुटवियर, कई जिलों में फूड पार्क तथा उभरते उद्योगों को समर्थन देने के लिए आईएमटी सोहना में नई पीढ़ी का इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर शामिल है।

डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार सरल नियमों, बेहतर आधारभूत संरचना और निवेशक केंद्रित प्रशासन के माध्यम से कारोबार सुगमता को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh